डीयू साइबर सतर्कता का आयोजन, छात्रों को बताए डिजिटल सुरक्षा के तरीके
-1.65 करोड़ जागरूकता ईमेल भेजकर छात्रों और विश्वविद्यालय समुदाय को किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली विश्वविद्यालय ने छात्रों और विश्वविद्यालय समुदाय को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए साइबर सतर्कता 1.0 कार्यक्रम हुआ। दिल्ली यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर और फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, पहचान की चोरी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े खतरों पर जानकारी दी गई। विश्वविद्यालय की साइबर सूचक पहल के तहत इस दौरान करीब 1.65 करोड़ जागरूकता ईमेल भी भेजे गए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, पहचान की चोरी और नए तरह के साइबर खतरों से बचने के तरीके बताना था। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने डिजिटल सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। डीयू के अनुसार आज के डिजिटल दौर में मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल जितना आसान हुआ है, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराध का खतरा भी उतना ही बढ़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस साइबर सतर्कता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
डीयू कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रो संजीव सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय की साइबर सूचक पहल के तहत करीब 1.65 करोड़ साइबर अपराध जागरूकता ईमेल भेजे गए। इनके माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और ऑनलाइन सुरक्षा के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञों के व्याख्यान, सवाल-जवाब और चर्चा सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी लगाई गई और विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता भी हुई। समापन समारोह में डीयू मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो गजेंद्र सिंह, फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी के डीन एवं डीयू कंप्यूटर सेंटर निदेशक प्रो संजीव सिंह, संयुक्त रजिस्ट्रार डॉ प्रदीप कुमार और डॉ रोहन राय मौजूद रहे। इनके अलावा गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के डिप्टी कमांडेंट ललित वशिष्ठ, दिल्ली पुलिस के एसीपी मनोज कुमार ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में साइबर सुरक्षा प्रोजेक्ट प्रदर्शनी और क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन और रचनात्मक प्रयासों के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।