आम आदमी पार्टी ने राजधानी में महिला सुरक्षा के मसले को केंद्र सरकार के सामने उठाया है। बुधवार को ‘आप’ सांसद धर्मवीर गांधी व दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान ‘आप’ प्रतिनिधियों ने गृहमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें पार्टी ने एक बार फिर से वीआईपी व वीवीआईपी सुरक्षा में लगे दिल्ली पुलिस के जवानों को आम नागरिकों की सुरक्षा में तैनात करने की मांग की।
‘आप’ नेताओं ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे संसद भवन स्थित गृहमंत्री से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस मौके पर न सिर्फ कैब चालक की हवस का शिकार युवती के मामले पर बात हुई। बल्कि दिल्ली में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल देने की मांग की गई। पार्टी का कहना है कि उपराज्यपाल व दिल्ली पुलिस सीधे गृह मंत्रालय के अधीन है।
गृहमंत्री के सामने ‘आप’ ने सबसे अहम बात वीवीआईपी सुरक्षा पर उठाई। इस बारे में पार्टी का कहना है कि दिल्ली का दायरा सिर्फ लुटियन दिल्ली तक नहीं है। जहां दिल्ली पुलिस का बड़ा हिस्सा वीआईपी व वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात किया गया है। आम लोगों की जिंदगी की कीमत पर माननीयों को सुरक्षा दिए जाने पर ‘आप’ ने एतराज जताया।