सेक्टर-12 निवासी एक अधिवक्ता का दोस्त उनकी लग्जरी ऑडी कार को कुछ दिनों के लिए मांग कर ले गया। कई माह बीत जाने के बाद भी गाड़ी न देने पर अधिवक्ता ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
सेंट्रल थाना पुलिस ने बताया कि अधिवक्ता का दोस्त सोमेश चौधरी उनसे अपनी कार खराब होने की बात कहकर उनकी ए-6 ऑडी कार मांग कर ले गया था। आरोप है कि कार वापस मांगने पर वह टाल-मटोल करता रहा। दो माह से उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया है।
कुछ दिनों पहले उसने कार के एक्सीडेंट हो जाने की बात कह कर ठीक कराकर जल्द वापस देने का भरोसा दिया था। इसी तरह के बहाने बनाकर आरोपी ने कई महीने निकाल दिए। अधिवक्ता का आरोप है कि उसकी कार का गलत कार्यों में उपयोग किया जा रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।