अधिकारियों ने दावा किया है कि पत्रकार के कब्जे से सेना से संबंधित कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। फिलहाल वह छह दिन की रिमांड पर है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पत्रकार चीन के लिए जासूसी कर रहा था।
स्पेशल सेल के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि राजधानी के पीतमपुरा निवासी राजीव शर्मा कई अखबारों में काम कर चुका है। उसे गत 14 सितंबर को गिरफ्तार किया था और अगले दिन कोर्ट में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में एक और पत्रकार से पूछताछ चल रही है।
पुलिस सूत्रों ने दावा किया है कि राजीव शर्मा चीन के लिए जासूसी कर रहा था। उसके कब्जे से जो कागजात मिले हैं, वह उस देश को देने वाला था। इस बात के भी सबूत मिले हैं कि आरोपी पहले कुछ दस्तावेज दे चुका है और इसकी एवज में मोटे पैसे लिए हैं। बताया जा रहा है कि पत्रकार के खिलाफ विदेश मंत्रालय को भी शिकायत मिली थी, जिसकी जांच की जा रही है।