ड्राफ्ट तैयार
शुक्रवार दिल्ली सचिवालय में सिरसा ने कहा कि इस योजना के लिए ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। अगले दो दिनों में होने वाली कैबिनेट बैठक में फ्री सिलेंडर की योजना पर मुहर लग जाएगी। साल में दो सिलेंडर फ्री दिए जाने के साथ साल के अन्य 10 और सिलेंडर पर भी सब्सिडी देकर कुल 500 रुपये की कीमत पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम अपने संकल्प पत्र के हर वादे को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अलग-अलग विभाग से जुड़ी जनहित की योजनाओं को जल्दी ही धरातल पर लाने का काम किया जाएगा।
भाजपा ने किया था वादा
भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में दिल्ली की जनता को लुभाने के लिए कई वादे किए थे। इसमें गरीब परिवारों को एलपीजी सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी और होली-दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर का वादा भी शामिल था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा था कि होली-दिवाली पर भाजपा सरकार सभी परिवारों को फ्री गैस सिलेंडर देगी।
बैठकों का दौर जारी, प्राथमिकता में मुफ्त सिलेंडर
शपथ ग्रहण के दूसरे दिन शुक्रवार को भी बैठकों का दौर जारी रहा। अलग-अलग योजनाओं के बारे में मंत्रियों ने अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए। इसमें सबसे पहले होली का त्योहार है। भाजपा का होली व दिवाली गरीब महिलाओं को फ्री सिलेंडर देने का वायदा प्राथमिकता में है। कैबिनेट की अगली बैठक में इसका प्रस्ताव लाने की बात भी मंत्री ने कही है। होली-दिवाली पर फ्री गैस सिलेंडर सरकार उन्हीं महिलाओं को देगी, जिनके नाम एलपीजी गैस सिलेंडर का कनेक्शन है।