अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण जिले की साइबर थाना पुलिस ने अपोलो अस्पताल के डाॅक्टर के साथ ठगी करने वाले साइबर जालसाज जलालुद्दीन उर्फ़ जल्लू (33) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर ठगी के पैसों से खरीदी गई एक कार, 3 मोबाइल फ़ोन और क्रेडिट कार्ड सेटलमेंट से जुड़ी एक सावधि जमा में जमा 70,000 रुपये ज़ब्त किए गए हैं।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि अपोलो अस्पताल के एक वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ से 30 अगस्त को एक शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति ने खुद को सेना छावनी का अधिकारी बताते हुए उनसे संपर्क किया। उसने 25 सैन्य कर्मियों के लिए 1,500 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से चिकित्सा परामर्श का अनुरोध किया। इस पर शिकायतकर्ता ने चार लेन-देन में कुल 6,69,109 रुपये उसे ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने 70,525 रुपये अपनी पत्नी के खाते से और 5,98,584 रुपये अपने खाते से भेजे थे। बाद में उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
साइबर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर हंसा राम व एसआई उदय सिंह टीम को पता चला कि 6,00,000 रुपये का इस्तेमाल कार के लिए ऋण चुकाने के लिए किया गया है और 70,000 रुपये क्रेडिट कार्ड सेटलमेंट के लिए डायवर्ट किए गए थे। टीम ने डिजिटल फुटप्रिंट्स और कॉल रिकॉर्ड के तकनीकी विश्लेषण से आरोपी को खैरथल अलवर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से सात मामले दर्ज हैं।