मानेसर थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदल कर एक व्यक्ति के खाते से पचास हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुधवार की शाम करौली राजस्थान के रहने वाले रामअवतार ने मानेसर थाना पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ मानेसर में किराए पर रहता है।
रविवार की सुबह वह घर का सामान खरीदने के लिए कासन रोड स्थित इंडसइंड बैंक के एटीएम पर एक हजार रुपये निकालने के लिए गया था।
जहां पर दो युवक पहले से मौजूद थे। उसने एटीएम पर दो बार रुपये निकालने का प्रयास किया लेकिन रुपये नहीं निकले। इस पर वहां पर खड़े एक युवक ने मदद करने के बहाने उसका कार्ड लेकर रुपये निकालने की कोशिश की तब भी नहीं निकले।
इसके बाद वह अपना कार्ड लेकर वापस घर आ गया। करीब आधे घंटे के बाद उसके मोबाइल पर एसएमएस आया कि उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाले गए हैं।
इस एसएमएस को उसने तकनीकी खराबी समझ कर नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद बुधवार सुबह उसके मोबाइल पर फिर से 25 हजार रुपये निकाले जाने का एसएमएस आया तो उसने बैंक जाकर जानकारी ली।
जहां उसे पता चला कि उसका एटीएम कार्ड बदल लिया गया है। मानेसर थाना पुलिस दो अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।