उत्तर-पश्चिम जिला में खुद को बॉलीवुड से बताकर साइबर ठगों ने 28 साल के एक युवक को ठग लिया। आरोपियों ने पीड़ित से कहा कि उसे एक फिल्म में बतौर एक्टर चुन लिया गया है। यदि उसे फिल्म में काम करना है अगले ही दिन उसे रिपोर्ट करना होगा। इसके लिए पीड़ित को हवाई जहाज का एक टिकट बुक कराने का झांसा दिया गया।
पीड़ित ने ऐसा करने का प्रयास किया तो उससे टिकट बुक नहीं हुआ। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित से 20 हजार रुपये मंगाकर उसे ठग लिया। ठगी का अहसास होने पर उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। बैंक खातों के आधार पर उनकी लोकेशन का पता किया जा रहा है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को बॉलीवुड से बताकर उसे प्रभावित कर लिया। पीड़ित से कहा गया कि उसे एक फिल्म के लिए बतौर एक्टर चुना गया है। अब आपको प्रोडक्शन हाउस से कॉल आएगा। दो दिन बाद युवक के पास एक महिला का कॉल आया।
महिला ने कहा कि वह सन पिक्चर्स से बोल रही है। उसे अगले दिन सुबह तक प्रोडक्शन हाउस में रिपोर्ट करना है। इसके लिए उसे फ्लाइट का एक टिकट बुक कराना होगा। टिकट का पैसा बाद में रिटर्न कर दिया जाएगा। पीड़ित से कहा गया कि उनका ट्रैवल पार्टनर इंडिगो एयरलाइंस है। इसलिए उनसे ही टिकट बुक करना होगा।
टिकट के साथ दिया गया कूपन लगाना होगा। आरोपियों ने पीड़ित को कोड भेजा। पीड़ित ने कोड अप्लाई करने का प्रयास किया, लेकिन कोड स्कैन नहीं हो पा रहा था। इसलिए उसने कहा कि हम आपका टिकट बुक कर देंगे। आप हमें फ्लाइट और वापसी टिकट के लिए पैसे भी भेज दें। पीड़ित ने ऑन लाइन 20,114 भेज दिए।
इसके बाद न तो टिकट मिला और न ही किसी ने उसके फोन को पिक किया। आरोपियों का नंबर लगातार चालू रहा। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब आरोपियों की तलाश की जा रही है।