आबकारी एवं कराधान विभाग से गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) अलॉट कराने के लिए किसी शख्स ने दूसरे के घर का पता लिखवाने व उसके नाम से रेंट एग्रीमेंट बनवा लिया है। इसका खुलासा तब हुआ जब आबकारी एवं कराधान विभाग से जीएसटी नंबर के संदर्भ में एक पत्र भेजा गया। इस पर पीड़ित ने सेक्टर-40 थाना पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार साउथ सिटी-1 निवासी परमिन्द्र कौर गुलाटी ने शिकायत में कहा कि 4 अप्रैल 2018 को उनके घर पर आबकारी एवं कराधान विभाग से एक पत्र आया। यह पत्र मयंकी शील चौहान के नाम पर था। इस पत्र के माध्यम से उन्हें पता लगा कि उनके इस निवास के पते पर जीएसटी नंबर का रजिस्ट्रेशन हुआ है।
इस पर उन्होंने जब विभाग में जाकर पता किया तो पाया कि जीएसटी नंबर अलॉट करवाते वक्त उनके पते का रेंट एग्रीमेंट दिया गया है। इस एग्रीमेंट में फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। इस संदर्भ में उन्होंने विभाग के आला अधिकारियों सहित पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। विभाग से यह भी जानकारी ली जा रही है कि इस जीएसटी नंबर पर कितनी ट्रांजेक्शन हुई हैं। जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।