तहसील परिसर के रजिस्ट्रार कार्यालय में सोमवार सवेरे कोर्ट मैरिज करने पहुंचे एक प्रेमी युगल को युवती के परिजनों ने पकड़कर धुन डाला। इसके बाद युवक और युवती पक्ष के बीच जमकर लात घूंसे चले। तहसील परिसर में मारपीट की घटना से अफरातफरी मच गई। घटना के दौरान हवाई फायरिंग की चर्चा भी जोरों पर रही।
जनपद के मसूरी और भोजपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक युवती के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी युगल ने गुपचुप तरीके से शादी करने का निर्णय लिया और कोर्ट मैरिज करने सोमवार सवेरे चुपचाप तहसील परिसर में पहुंच गए। प्रेमी प्रेमिका एक अधिवक्ता के चेंबर में कानूनी औपचारिकता पूरी कर रहे थे कि इसी बीच युवती पक्ष के दर्जनों लोग वहां पहुंच गए और दोनों को पकड़कर जबरदस्त तरीके से धुन डाला। इसके अलावा युवक और युवती पक्ष में भी जमकर संघर्ष हुआ। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस प्रेमी युगल को थाने ले आई। जहां युवती ने हंगामा किया। इसी दौरान प्रेमी पक्ष के लोग मौका देखकर वहां से भाग निकले। चर्चा रही कि प्रेमी युगल मंदिर में शादी कर चुका है।
दादा के बिलखने पर भी नहीं पसीजा युवती का दिल
घटना के बाद परिजन युवती की मान मनोव्वल लगे रहे। लाडली पोती से घर लौटने की मिन्नतें करते करते दादा बिलख पडे़, लेकिन युवती का इस पर कोई असर नहीं हुआ और वह प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मामला मसूरी थाना क्षेत्र से संबंधित है। कानूनी औपचारिकता के बाद दोनों को मसूरी पुलिस को सौंप दिया जाएगा।