हेलीकॉप्टर में सपनों की उड़ान पूरी कर गांव सदपुरा निवासी सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कूड़ेराम ग्रामीणों के लिए एक खास शख्सियत बन गए हैं। कूड़ेराम पढ़े-लिखे नहीं हैं, लेकिन इतिहास रचने का सपना उन्होंने अपनी नौकरी के रिटायरमेंट के साथ ही सच कर दिखाया।
गांव नीमका के सरकारी स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रहे कूड़ेराम ने 30 जुलाई को सेवानिवृत्ति के पल को उस समय यादगार बना दिया, जब हेलीकॉप्टर से उन्होंने अपने परिवार के साथ फरीदाबाद के आसमान में चक्कर लगाए।
बीते मंगलवार को कूड़ेराम ने गांव सदपुरा से स्कूल तक का सफर साइकिल से किया, लेकिन वापसी हेलीकॉप्टर से की। यह पल न सिर्फ कूड़ेराम के लिए यादगार रहा बल्कि पूरा गांव उन्हें को अब एक सेलिब्रिटी की तरह देख रहा है।
कूड़ेराम ने बताया कि बचपन से उनका सपना था कि वह हवाई सफर करें लेकिन घर के हालात और जिम्मेदारियों ने कभी हवा में उड़ने का मौका नहीं दिया। 30 जुलाई को रिटायरमेंट के बाद कूड़ेराम हवा में उड़ान भरते दिखे। इस दौरान उनकी बेटी और पत्नी भी साथ थे।