दिल्ली की सुरक्षित विधानसभा सीट बवाना के उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। उम्मीदवारों ने किसी भी गड़बड़ी से बचने के लिए कुल 22 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। शनिवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था। इस सीट पर 23 अगस्त को मतदान होना है।
इससे पहले शनिवार को अंतिम छह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। बताते चले कि आम आदमी पार्टी के विधायक रहे वेद प्रकाश के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी। वेद प्रकाश अब भाजपा प्रत्याशी के तौर पर इसी सीट पर चुनाव लड़ रहे है।
बवाना उपचुनाव में 14 उम्मीदवारों के मैदान में उतरने के बाद भी सीधी लड़ाई भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच मानी जा रही है। हालांकि कांग्रेस भी मैदान में ताल ठोककर इसे त्रिकोणीय मुकाबला बनाने में जुटी है।
चुनाव अधिकारी के मुताबिक शनिवार तक राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों समेत कुल 14 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। गड़बड़ी से बचने के लिए कुछ उम्मीदवार एक से अधिक नामांकन दाखिल करते हैं।
उपचुनाव के लिए दाखिल नामांकन का स्क्रूटनी का काम 7 अगस्त तक चलेगा। उसके बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए 9 अगस्त तक का मौका मिलेगा। उसी दिन शाम तक उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
चुनाव आयोग के मुताबिक नामांकन दाखिल करने के बाद उम्मीदवार को किसी भी तरह के प्रचार और जनसभा करने के लिए चुनाव आयोग से मंजूरी लेनी होगी। उपचुनाव के लिए 23 अगस्त को मतदान होगा। आगामी 28 अगस्त को वोटों की गिनती की जाएगी।