चौकी प्रभारी ने बताया कि बच्चा स्कूल में पढ़ता है। अस्पताल में भर्ती कराने के दौरान उसे दर्द हो रहा था। इस दौरान वह बोल रहा था प्लीज, सर मुझे बहुत दर्द हो रहा है। बच्चे ने सफेद टी शर्ट और नीली जींस का निक्कर पहना है। बच्चे के एक पैर में चप्पल थी, जबकि दूसरी चप्पल आसपास नहीं मिली है।
माना जा रहा है कि बच्चे को बेहोशी की हालत में नर्सरी में फेंका गया होगा। पुलिस जांच में पता चला है कि बुधवार को बच्चे को नर्सरी में फेंका गया था, उस दिन नर्सरी में पावर कारपोरेशन की ओर से काम चल रहा था। इस दौरान नर्सरी का दूसरा गेट खुला था। इसी गेट से बच्चे को नर्सरी के अंदर फेंक गया होगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
आधार के जरिये भी पुलिस करेगी पहचान
शरदकांत ने बताया कि बच्चे की हालत में सुधार होने के बाद ही आईसीयू से बाहर लाया जाएगा। इसके बाद ही आधार कार्ड मशीन पर उसकी उंगलियों के निशान लेकर पहचान का प्रयास किया जाएगा। आसपास के जिले, दिल्ली और अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। पुलिस सोशल साइट पर बच्चे की फोटो और मैसेज वायरल कर पहचान का प्रयास कर रही है।