फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चांदनी चौक से चार बार विधायक रहे प्रह्लाद सिंह साहनी आप में शामिल, कांग्रेस को जोरदार झटका

Mon, 07 Oct 2019 11:45 AM IST
पूजा त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
प्रह्लाद सिंह साहनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कांग्रेस को दिल्ली में जोरदार झटका लगा है। वरिष्ठ नेता और चांदनी चौक से चार बार विधायक रह चुके प्रह्लाद सिंह साहनी ने आप का दामन थाम लिया है। रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की उपस्थित में उन्होंने आप की सदस्यता ली।

विज्ञापन


इस दौरान साहनी ने कहा कि मुझे टिकट का लालच नहीं है। मैंने नीतियों को ध्यान में रख आप में शामिल होने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकेे आने से पार्टी को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि आप एक आंदोलन से निकली थी।

सत्ता में आने पर कई पार्टियां भटक गईं, लेकिन आप ने ऐसा क्रांतिकारी काम किए, जिनकी विदेशों में भी चर्चा है। इसी वजह से अन्य पार्टियों के अच्छे लोग इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अपील कर रहा हूं कि अच्छे लोग हमारी पार्टी में आएं।
विज्ञापन


उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों चांदनी चौक से आप विधायक रही अलका लांबा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। ऐसे में कयास हैं कि अलका लांबा कांग्रेस के टिकट पर चांदनी चौक से चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि आगामी चुनाव में टिकट की संभावना को लेकर प्रह्लाद साहनी नाराज थे। पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जा रही थी। इसी से नाराज होकर वे आप में गए हैं। वैसे चांदनी चौक में साहनी की अच्छी पकड़ बताई जाती है। 2015 के विधानसभा चुनाव में आप की लहर में वे अपनी ही पार्टी की बागी नेता अलका लांबा से हार गए थे।

भ्रष्टाचारियों को शामिल कर रहे केजरीवाल : तिवारी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने साहनी को शामिल करने पर आप पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कांग्रेस को लगातार भ्रष्टाचारी पार्टी बताते थे। अब वह खुद भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में शामिल कर रहे हैं।

आप में भी शुरू हो गया विरोध
साहनी के आने के बाद चांदनी चौक विधानसभा की आप इकाई में सरगर्मी तेज है। पहले विधायक अलका लांबा पार्टी से बागी हुईं। अब पार्टी के अन्य नेता भी नाराज हो गए हैं। बताया जाता है कि कार्यकर्ता कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रह्लाद सिंह साहनी को पार्टी में शामिल करने के खिलाफ हैं। उन्होंने हाईकमान के निर्णय के खिलाफ विरोध जताना शुरू कर दिया है।

आप के संस्थापक सदस्यों में शामिल नेताओं का कहना है कि पार्टी में मेहनत करने वालों को दरकिनार कर अन्य पार्टी के नेताओं को शामिल किया जा रहा है। इससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। विरोधी पार्टी केे नेता आप में शामिल होंगे तो संगठन नाम की चीज नहीं रह जाएगी।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री को जीत की अग्रिम बधाई : प्रह्लाद

पूर्व विधायक प्रह्लाद सिंह साहनी ने कहा कि आप में शामिल होने का मकसद टिकट लेकर चुनाव लड़ना नहीं है। मैं इलाके में कहीं भी जाता हूं तो लोग कहते हैं कि यह तो लिखते हैं कि बिजली का बिल हाफ और पानी माफ, लेकिन हमारे यहां बिजली का बिल भी माफ है। इलाके में 25-25 गज के चार मंजिला मकान बने हैं।

बिजली-पानी के बिल किसी के नहीं आ रहे हैं। इसलिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जीत की अग्रिम बधाई दे रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं बड़ा हैरान होता हूं कि एक आईआरएस अधिकारी दिल्ली के लोगों की समस्याओं से किस तरह वाकिफ है।

दिल्ली जो काम हुआ है, उससे क्षेत्र की जनता बेहद खुश है। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि प्रह्लाद साहनी कांग्रेस पार्टी में एक मजबूत स्तंभ थे। वे चार बार विधायक, एक बार पार्षद चुने गए।

मुख्यमंत्री के पार्लियामेंट्री सेक्रेटरी रह चुके हैं। उनके साथ पूर्व पार्षद पवन, नैना प्रेमवानी, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र हांडा, मिर्जा जैकर, जाहिर व चांदनी चौक के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आमिर अहमद को भी मुख्यमंत्री ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें