भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने साहनी को शामिल करने पर आप पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कांग्रेस को लगातार भ्रष्टाचारी पार्टी बताते थे। अब वह खुद भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में शामिल कर रहे हैं।
आप में भी शुरू हो गया विरोध
साहनी के आने के बाद चांदनी चौक विधानसभा की आप इकाई में सरगर्मी तेज है। पहले विधायक अलका लांबा पार्टी से बागी हुईं। अब पार्टी के अन्य नेता भी नाराज हो गए हैं। बताया जाता है कि कार्यकर्ता कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रह्लाद सिंह साहनी को पार्टी में शामिल करने के खिलाफ हैं। उन्होंने हाईकमान के निर्णय के खिलाफ विरोध जताना शुरू कर दिया है।
आप के संस्थापक सदस्यों में शामिल नेताओं का कहना है कि पार्टी में मेहनत करने वालों को दरकिनार कर अन्य पार्टी के नेताओं को शामिल किया जा रहा है। इससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। विरोधी पार्टी केे नेता आप में शामिल होंगे तो संगठन नाम की चीज नहीं रह जाएगी।
पूर्व विधायक प्रह्लाद सिंह साहनी ने कहा कि आप में शामिल होने का मकसद टिकट लेकर चुनाव लड़ना नहीं है। मैं इलाके में कहीं भी जाता हूं तो लोग कहते हैं कि यह तो लिखते हैं कि बिजली का बिल हाफ और पानी माफ, लेकिन हमारे यहां बिजली का बिल भी माफ है। इलाके में 25-25 गज के चार मंजिला मकान बने हैं।
बिजली-पानी के बिल किसी के नहीं आ रहे हैं। इसलिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जीत की अग्रिम बधाई दे रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं बड़ा हैरान होता हूं कि एक आईआरएस अधिकारी दिल्ली के लोगों की समस्याओं से किस तरह वाकिफ है।
दिल्ली जो काम हुआ है, उससे क्षेत्र की जनता बेहद खुश है। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि प्रह्लाद साहनी कांग्रेस पार्टी में एक मजबूत स्तंभ थे। वे चार बार विधायक, एक बार पार्षद चुने गए।
मुख्यमंत्री के पार्लियामेंट्री सेक्रेटरी रह चुके हैं। उनके साथ पूर्व पार्षद पवन, नैना प्रेमवानी, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र हांडा, मिर्जा जैकर, जाहिर व चांदनी चौक के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आमिर अहमद को भी मुख्यमंत्री ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।