आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली चुनाव से युवाओं को जोड़ने के लिए वेकेशन फॉर नेशन नाम से कार्यक्रम की शुरुआत की है। पार्टी का दावा है कि राजधानी के कॉलेज के छात्र इसमें खासी दिलचस्पी ले रहे हैं। अभी तक करीब चार हजार छात्रों ने अभियान में शामिल होने की भरोसा दिया है।
पार्टी की युवा विंग की तरफ से दिल्ली विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जेएनयू और आईपी यूनिवर्सिटी में अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा सिविल सेवा व सीए परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को भी इससे जोड़ा जा रहा है। पार्टी का दावा है कि अभी तक डीयू से 1500 जेएनयू से 450, जामिया से 250, आईपी से 150, यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे 300 व सीए की तैयारी कर रे 150 छात्रों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है।
आप सर्दी की छुट्टियों में अभियान शुरू करेगी। छात्रों का अभियान जनवरी मध्य तक चलेगा। पार्टी इसके जरिये युवाओं को सियासत से जोड़ने की कोशिश की जाएगी। इस दौरान छात्र सभी राजनीतिक दलों के चुनावी घोषणा पत्रों की तुलना करेंगे। साथ ही मोबाइल प्रचार अभियान के जरिये आम लोगों को इसकी जानकारी भी देंगे।