मध्य दिल्ली के करोल बाग स्थित देव नगर में बुधवार सुबह चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर जमींदोज हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। सड़क पर खड़ी दो कारें इसके मलबे की चपेट में आ गईं।
हादसे की सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस के अलावा एमसीडी का बचाव दस्ता भी पहुंच गया। देर शाम तक मलबा हटाने का काम जारी था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर हुई इमारत कई साल से एक ओर झुक गई थी।
उसमें एक ओर दरार भी थी। पड़ोसियों ने एमसीडी को इसकी शिकायत भी दी थी। सूत्रों का कहना है कि एमसीडी ने इमारत के मालिकों को नोटिस भी दिए थे। फिलहाल पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा मकान नंबर-6346, गली नंबर-1, ब्लॉक-7, देव नगर में हुआ। यहां तीन साइड के 82 गज के प्लॉट पर ग्राउंड फ्लोर पर नीचे आठ दुकानें बनी थीं। पहली और तीसरी-चौथी मंजिल पर चेयरमैन नाम से शर्ट बनाने की फैक्टरी थी।