अहिंसाखंड एक स्थित जयपुरिया सनराइज शॉपिंग प्लाजा में बृहस्पतिवार दोपहर को एक बंद गिफ्टशॉप में आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आसपास की दुकानों में मौजूद लोग प्लाजा से बाहर निकले और दमकल विभाग और पुलिस को घटना की सूचना दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में लाखों का माल जलकर राख हो गया।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे लोगों ने जयपुरिया सनराइज शॉपिंग प्लाजा के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित फेयरडील नामक गिफ्टशॉप के बंद शटर में से धुआं निकलता देख दमकल विभाग को सूचना दी।
इस बीच आग पड़ोस की ड्राइक्लीन की दुकान समेत तीन दुकानों में फैल गई। करीब 20 मिनट बाद दमकल की गाडि़यां मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। तुरंत बंद दुकान का शटर तोड़ा गया और आग बुझाई गई।
करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग में लाखों का माल जलकर राख हो गया। एफएसओ अक्षय रंजन शुक्ला ने बताया गिफ्टशॉप में आग लगी थी।