दक्षिणी दिल्ली नगर निगम सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान को जारी रखते हुए मंगलवार को चार स्कूलों को प्लास्टिक मुक्त घोषित कर दिया है। इसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड, डीपीएस वसंत कुंज, केंद्रीय विद्यालय एंड्रयूजगंज और बिरला विद्या निकेतन, पुष्प विहार शामिल हैं।
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) वसंतकुज के विद्यार्थियों और अध्यापकों ने दक्षिणी निगम के साथ मिलकर जागरूकता अभियान शुरू किया। इसके तहत नजदीकी क्षेत्रों के निवासियों को जागरूक करने सहित विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण और सेहत को होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया।
इस मौके पर डीपीएस, मथुरा रोड के 4000 विद्यार्थियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने का संकल्प लिया। साथ ही स्कूल परिसर के सभी कैंटीन संचालकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उल्लंघन करने वालों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
इसके अलावा निगम के अफसरों ने द्वारका स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के कुलपति से मुलाकात कर आग्रह किया कि संस्थान के कैंटीन को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निर्देश जारी करें। उधर, मैदानगढ़ी स्थित इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) के कुलपति व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर दक्षिणी निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
आरडब्ल्यूए ने खुद को प्लास्टिक मुक्त घोषित किया
निगम की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए नवजीवन विहार, गीतांजलि, शिवालिक ए ब्लॉक और सर्वोदय एंक्लेव के आरडब्ल्यूए सदस्यों को प्लास्टिक की थैलियों के विकल्प के तौर पर कपड़े और पटसन के थैले इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया। बाद में इन आरडब्ल्यूए ने खुद भी सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त घोषित किया।