बारिश के साथ ही डेंगू-मलेरिया के मरीजों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। इस सप्ताह डेंगू के चार नए मरीज सामने आए है। जबकि मलेरिया के 09 मरीजों की पहचान हुई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी संदिग्ध की श्रेणी में है। अभी तक सरकारी लैब में किसी की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, मंगलवार को जिला नागरिक अस्पताल में परिजन प्लेटलेट की कमी से जूझ रहे मरीज को छोड़कर भाग गए।
डॉक्टरों के मुताबिक मरीज के पेशाब में खून आ रहा था और प्लेटलेट्स संख्या कम होकर 17 हजार पर पहुंच गए हैं। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. काजल कुमुद का कहना है कि प्लेटलेट्स चढ़ा दिए गए हैं और मरीज की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. कांता गोयल ने कहा कि मरीज की आयु 40 वर्ष है और राजीव कॉलोनी का रहने वाला है इतना ही पता चला है और मरीज की हालात ज्यादा गंभीर है लेकिन डाक्टर इलाज दे रहे हैं।
दूसरी ओर, अस्पताल में राजीव नगर, ओम नगर, राजेंद्रा पार्क इलाके से डेंगू के नए मामले आए है। सभी का इलाज चल रहा है। सिविल सर्जन डॉ. बीके राजौरा का कहना है कि सभी मामलों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। जांच के बाद पुष्टि हो पाएगी।