रोहिणी तथा आसपास के इलाकों में कारोबारियों को निशाना बनाकर वसूलते थे रंगदारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने जिले में सक्रिय एक रंगदारी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए सोनू दरियापुर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि यह कार्रवाई 16 जनवरी की रात खेड़ा खुर्द रोड के पास शुरू हुई, जब पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के चलते एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रोका। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मिली सूचना पर स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा की टीम ने संदिग्धों को रोका और तलाशी ली, जिसके दौरान अवैध हथियार बरामद किए। शुरू में छापेमारी कर गिरोह के सदस्य सुशील बिस्ट (27) को भी गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि बिस्ट एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के मामलों सहित कुल 34 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, अन्य गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजत उर्फ गब्बरू (22), अनुराग उर्फ हनी (22) और आर्यन (23) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से पिस्तौल, दो देसी पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि चारों आरोपी सोनू दरीयापुर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और रोहिणी तथा आसपास के इलाकों में कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी वसूलने के रैकेट में शामिल थे।