मोती नगर इलाके में आबकारी विभाग ने एक रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में मिलीभगत के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। शनिवार रात को छापेमारी की गई थी। जांच में पता चला है कि यहां बीयर भी परोसी जाती थी। आबकारी विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर मोती नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। रेस्टोरेंट का मालिक फरार है।
पुलिस के मुताबिक मोती नगर इलाके में नया रेस्टोरेंट के नाम से होटल है। यह कभी-कभार ही खुलता है। शनिवार को एक्साइज डिपार्टमेंट (आबकारी विभाग) को सूचना मिली कि यहां अवैध रूप से हुक्का बार का संचालन किया जा रहा है। टीम ने लोकल पुलिस की मदद से देर रात करीब 10.45 बजे छापेमारी की। इस दौरान रेस्टोरेंट का मालिक व वहां मौजूद लोग फरार हो गए। मौके से चार हुक्के और भारी मात्रा में बीयर की बोतलें बरामद की गई।
जांच में पता चला कि यहां बीयर भी परोसी जा रही थी। इधर, जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज को पता चला तो उन्होंने बीट में तैनात हवलदार श्रीपाल, देवेंद्र और सिपाही अनूप और नेमीचंद को सस्पेंड कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन सभी पुलिसकर्मियों पर पहले भी इसी तरह के आरोप लगे थे। तब इनको मोती नगर थाने से हटा दिया गया था। लेकिन बाद में फिर मोती नगर थाने आ गए। मोती नगर थाने में अवैध हुक्का और बीयर परोसने का मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।