-अशोक विहार इलाके की घटना, पुलिस रकम बरामद करने में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम जिला के अशोक विहार इलाके में बुधवार को चाकू के नोक पर कारोबारी की पत्नी मीरा को बंधक बना कर करीब 75 लाख की लूटपाट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से रकम बरामदगी का प्रयास कर रही है।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि बुधवार को अशोक विहार क्षेत्र के ई ब्लॉक फेज वन में कारोबारी मनोज की पत्नी मीरा को चाकू के बल पर बंधक बना कर लूट मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग जुटाए हैं। बदमाश डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसे थे।
इस मामले में कई पुलिस टीमें काम कर रही हैं। सीसीटीवी कैमरे की जांच में पता चला कि बदमाश दो बाइक से वहां पहुंचे थे। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर चार आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सूत्रों का कहना है कि बृहस्पतिवार को चारों आरोपियों की लेकर पुलिस कारोबारी के घर पहुंची, जहां पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर लूट की रकम की बरामदगी का प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चारों आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।