भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली के छात्रों ने कवि सम्मेलन, नृत्य प्रतियोगिता, संगीत समेत कई और मनोरंजक गतिविधियों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। रेसिंग कार, बाइक और मोबाइल फोन के साथ- साथ लजीज व्यंजनों का स्वाद चखने के साथ ही छात्र-छात्राएं कई खेल गतिविधियों में बढ़ चढ़कर शामिल हुए। अमर उजाला के सहयोग से आईआईटी परिसर में आयोजित फेस्ट रॅान्डिवू-23 में तकनीक, गीत संगीत और मनोरंजक गतिविधियों का संगम दिखा। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में छात्र छात्राएं शामिल हुए। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में समा बांध दिया।
9 मार्च से फेस्ट की शुरुआत हुई। 12 मार्च तक चलने वाले चार दिवसीय फेस्ट में खेल, मनोरंजन, गीत, संगीत, नृत्य सहित दूसरी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। छात्रों ने बताया कि इस आयोजन में देश की कई अग्रणी कंपनियों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। गेम्स, मोबाइल, फूड चेन आउटलेट, बाइक सहित कई और स्टॉल पर भी युवाओं की पूरे दिन भीड़ लगी रही। इस मौके पर आईआईटी परिसर में रोलर, म्यूजिकल क्विज, कवि सम्मेलन, कृत्रिम बुद्धिमता पर कार्यक्रम सहित कला से जुड़ी गतिविधियां भी हुईं।
छात्र-छात्राओं के लिए यह खास मौका था क्योंकि पढ़ाई के दौरान छुपी हुई उनकी प्रतिभा को दिखाने का मौका मिला। आईआईटी परिसर में हर तरफ उत्सव का माहौल था। नृत्य प्रतियोगिता में शामिल होेने से पहले छात्र-छात्राएं रिहर्सल करते दिखे तो गीत संगीत प्रतियोगिता में जीतने वालों का उत्साह देखने लायक था। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सभागार के बाहर सैकड़ों छात्र छात्राओं की लंबी लाइन दिखी।
बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पुरस्कृत
फेस्ट रॅान्डिवू के दौरान पूरे दिन परिसर में हर तरफ तैयारियां चल रही थी। बैंड, स्टेज शो, फैशन परेड और डीजे नाइट सहित स्टेज शो के लिए भी सुबह से ही स्टेज तैयार कर लिए गए थे। गेमिंग गतिविधियों में शामिल होने वाले अधिक उत्साहित दिखे। छात्र अधिक उत्साहित दिखे क्योंकि प्रतिस्पर्धा में एक दूसरे से आगे बढ़ने की दौड़ में शामिल थे। परिसर में रोलिंग गेम्स, सबसे ज्यादा पुश अप करने वाले और न्यूनतम समय में गीत की धुन पहचानने वालों को सही जवाब देने पर पुरस्कृत भी किया गया।
रेसिंग कार की झलक पाने के लिए छात्र बेताब
रॉन्डिवू के दौरान रेसिंग कार भी युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। ग्राउंड में रेसिंग कार की झलक पाने के लिए हर कोई बेताब दिखा। नई बाइक भी युवाओं को अपनी तरफ आकर्षित किया। लजीज ब्यंजनों के स्टॉल पर नॉन वेज, पिज्जा, आइसक्रीम के स्टॉल पर युवाओं की पूरे दिन भीड़ रही।