एक करोड़ की लूट की योजना बना रहे चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सभी बदमाश लाजपत नगर इलाके में एकत्रित हुए थे। पकड़े जाने से पूर्व बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग भी की।
एक गोली स्थानीय थानाध्यक्ष की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो ऑटोमैटिक पिस्टल, दो कट्टे, नौ कारतूस, 16 मोबाइल, एक बाइक और स्कूटी जब्त है। इस गैंग के पकड़े जाने से पुलिस ने सात वारदात सुलझाने का दावा किया है।
साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त कुमार ज्ञानेश ने बताया पकड़े गए आरोपियों के नाम टीपू , इस्माइल, शाकिर व छोटू है। ये सभी जामिया नगर और श्रीनिवास पुरी इलाके के रहने वाले हैं। 25 जून की देर रात दो बजे हथियारों से लैस बदमाशों के विनोबापुरी मेट्रो स्टेशन, लाजपत नगर में एकत्रित होने की सूचना मिली।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सीमापुरी के नजदीक यह गैंग एक करोड़ की लूट की योजना कर रहा है। सूचना मिलते ही लाजपत नगर सब डिवीजन एसीपी अतुल कुमार वर्मा के नेतृत्व में एसएचओ धर्मदेव के साथ एक टीम वहां भेजी गई। पुलिस को वहां पहुंचते ही बदमाशों ने फरार होने की कोशिश की।
पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने की चेतावनी दी। इस दौरान एक बदमाश ने एसएचओ धर्मदेव पर दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। जवाब में एक सब इंस्पेक्टर ने हवा में एक गोली चलाई। इस बीच पुलिस टीम ने चारों बदमाशों को काबू में कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया दो दिन पहले उन्हें सूचना मिली थी कि सीमापुरी बार्डर के पास एक थिनर फैक्टरी मालिक के घर एक करोड़ नकद रखा है। वह उसी के घर लूट के इरादे से यहां एकत्रित हुए थे।