पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम लगभग 07:46 बजे चार लड़कों की यमुना में डूबने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। घटना स्थल पर पहुंचने पर पता चला कि पांच नाबालिग लड़के यमुना नदी में नहाने के लिए ठोकर नंबर 24 पर गए थे। नदी में तेज बहाव के कारण चार बच्चे, राहुल (15), अंशु (15), सौरभ (15) और अमनदीप (15), गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। बहाव इतना तेज था कि वह नदी में डूबते ही चले गए। पांचवां बच्चा लकी (14), जो किनारे पर था, उसने शोर मचाया। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चारों बच्चे पानी में समा चुके थे।
सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, डीडीएमए, दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस हादसे के दूसरे दिन भी बच्चों की तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं है। अलीपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि शव मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।