जांच के दौरान मृतक युवती की पहचान माया (25) (बदला हुआ नाम) दक्षिण निवासी के रूप में हुई। युवती 26 फरवरी से अंबेडकर नगर से गायब थी। इधर, पुलिस ने युवती की जेब से मिले पत्र की जांच की, तो उसमें आरुष समेत तीन युवकों के नाम थे। पत्र में लिखा था कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर इन लड़कों ने वीडियो बना लिया है। अगर उसे कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार यही तीनों लड़के होंगे। युवती के मोबाइल से तीनों लड़कों को उसी दिन कॉल भी की गई थी।
फौरन पुलिस ने आरुष समेत तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने युवती की हत्या व दुष्कर्म की बात से इंकार किया। पुलिस ने उनके मोबाइल रिकॉर्ड की जांच की, तो पता चला कि उस दिन के अलावा पहले कभी भी युवती से उनके नंबर पर कोई कॉल नहीं हुई है। पुलिस ने तीनों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। इधर, पुलिस ने मृतक युवती के मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड की छानबीन की, तो एक नंबर पर उन्हें शक हुआ।
नंबर मुरादाबाद से लिया गया था। पुलिस नंबर के आधार पर संगम विहार निवासी दिनेश तक पहुंच गई। शुरुआत में तो उसने युवती की हत्या की बात से इंकार किया, लेकिन बाद में वह टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली। दिनेश से पूछताछ के बाद पुलिस ने सौरभ भारद्वाज, चंदरकेश और रहीम को गिरफ्तार कर लिया। धीरेंद्र की पुलिस को तलाश है।