पंजाबी बाग थाना पुलिस ने मॉल और सड़क किनारे खड़ी गाडिय़ों से सामान चुराने वाले गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से पुलिस ने 8 लैपटॉप, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि बदमाश गुलेल और लोहे की गोली से कार के शीशे तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इस दौरान किसी को पता न चले इसके लिए बाइक स्टार्ट कर खुद शोर कर देते थे।
पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि पकड़े गये बदमाशों की पहचान बदायूं उत्तर प्रदेश निवासी भूरे, उमेश, राहुल और मदनपुर खादर दिल्ली निवासी श्रीपाल के रूप में हुई है। गैंग के सदस्यों ने दो माह में चोरी के 70 वारदात को अंजाम देने का दावा किया है। पुलिस ने गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी से आठ मामले सुलझाने का दावा किया है।
जिले में कारों में चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पंजाबी बाग थाना पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने जगह जगह पर तलाशी अभियान के साथ साथ जेल से जमानत पर निकालने वाले बदमाशों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान पुलिस को इस तरह की वारदात देने वाले चार बदमाशों के बारे में जानकारी मिली। 17 जनवरी को पुलिस को इन बदमाशों के रोहतक रोड आने की जानकारी मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों बदमाशों को दबोच लिया।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि बदायूं का रहने वाले तीन बदमाश काम की तलाश में दिल्ली आये थे। नौकरी नहीं मिलने पर वह लालबत्ती पर टॉफी और चिप्स बेचने लगे। इस दौरान उनलोगों ने देखा कि कार में सवार लोग लैपटॉप व अन्य सामान को पीछे वाली सीट पर रख देते हैं, जिन्हें आसानी से चुराया जा सकता है। उसके बाद इनलोगों ने गैंग बनाकर वारदात को अंजाम देने लगे। कार के शीशे तोडने के लिए उनलोगों गुलेल और लोहे की गोली का इस्तेमाल करने लगे।