नई दिल्ली की छावला थाना पुलिस ने कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। चारों नशे की लत को पूरा करने के लिए वारदात को अंजाम देते थे। बदमाशों के पास से पिस्टल, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल कार और पीड़ित के कागजात बरामद हुए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त एंटो अल्फोंस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान नजफगढ़ निवासी देवेंद्र, इकबाल, धर्मपुरा निवासी विक्रम और सोमदत्त शर्मा के रूप में हुई है। देवेंद्र पर द्वारका सेक्टर 23 थाना में चोरी का मामला दर्ज है। वहीं इकबाल पर छावला थाने में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज है। इकबाल का भाई संजीव उर्फ काला छावला थाने का घोषित बदमाश है।
रोशनआरा निवासी मनोज कुमार एक सरकारी अस्पताल में बतौर गार्ड काम करता है। 6 जुलाई को वह कार्यालय जा रहा था। इसी दौरान एक कार उसके पास आकर रुकी। चालक ने उसे 20 रुपये किराए देने की बात कहकर कार में बिठा लिया। कार में चालक के अलावा तीन अन्य लोग सवार थे। कुछ दूर जाने के बाद कार चालक समेत अन्य लोगों ने मनोज कुमार से 11 हजार रुपये, मोबाइल फोन व अन्य कागजात लूट लिए।
पीड़ित की शिकायत पर छावला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। एसीपी कुलवीर सिंह के देखरेख में एक टीम बनाकर पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। जिसमें वारदात में इस्तेमाल हरियाणा की कार का नंबर दिख गया। पुलिस ने हरियाणा अथॉरिटी से संपर्क किया।
8 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि छावला के बीडीओ कार्यालय के पास एक बदमाश मौजूद हैं। जिसके पास हथियार है। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। उसके निशानदेही पर पुलिस ने उसके तीन अन्य सहयोगियों को पकड़ लिया।