नई दिल्ली। नबी करीम में रंजिश में पड़ोसी की चाकू गोदकर हत्या करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नबी करीम निवासी प्रवेश, पंकज उर्फ काके, अजय और आशु के रूप में हुई है। वारदात में शामिल एक आरोपी शिवा अभी भी पहुंच से बाहर है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो चाकू, अपराध के समय पहने कपड़े और मृतक की बाइक बरामद की है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि 10 अगस्त को नबी करीम में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या करने की जानकारी मिली। मृतक की शिनाख्त अमरपुरी निवासी बंसी उर्फ पाली (22) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि बंसी की पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने हत्या की है। इनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। जिले की स्पेशल सेल की टीम निरीक्षक रोहित कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के बाद आस पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिरों को सक्रिय किया। सूचना पर आरोपियों के ठिकानों रघुबीर नगर, आनंद पर्वत, सदर बाजार, पहाड़गंज, नबी करीम और एनसीआर क्षेत्रों में दबिश दी गई। पुलिस ने घटना के 8 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को पकड़ लिया।