साकेत जिला अदालत के सीएमएम दीपक सेहरावत ने फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर मालविदंर सिंह व शिविंदर को बुधवार को पेश करने के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। इन दोनों भाइयों ने अंतरिम जमानत का आग्रह करते हुए कहा था कि वह शिकायतकर्ता के साथ समझौता कर मामले को सुलझाना चाहते हैं।
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने इन लोगों को रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड (आरएफएल) में वित्तीय गड़बड़ी, गबन करने तथा कंपनी को 2,397 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में 10 अक्तूबर को गिरफ्तार किया था।
फिलहाल दोनों 31 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में हैं। कोर्ट में इनके वकील ने कहा कि वह समझौते पर बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन इसे धनराशि के भुगतान से जोड़कर न देखा जाए। इसके अलावा, इस बातचीत में दिल्ली पुलिस मौजूद नहीं रहेगी।
मामले में शिकायतकर्ता आरएफएल के मनप्रीत सिंह सूरी के वकील विकास पाहवा ने कहा कि वह सिंह बंधुओं की ओर से की गई पेशकश को लिखित रूप में चाहते हैं। यह प्रस्ताव उचित हुआ तो वह जमानत का विरोध नहीं करेंगे।
दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया था कि मालविंदर व शिवेंदर से पूछताछ हो चुकी है। इन दोनों ने पूछताछ में करीब एक हजार करोड़ के फंड को इधर से उधर करने की बात स्वीकार की है। यह पैसे आरोपियों ने अपने जानकारों को ट्रांसफर कर दिए थे।