उत्तरी दिल्ली नगर निगम की पूर्व उपमहापौर पूर्णिमा विद्यार्थी की शनिवार को मौत हो गई। पिछले कई दिनों से उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह कोरोना पॉजिटिव थीं।
जानकारी के अनुसार, गत एक जून को उनको मामूली बुखार आया था जिसके बाद उन्हें खांसी व जुकाम की शिकायत हुई।तबीयत अधिक बिगड़ी तो परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली।
हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। पूर्णिमा विद्यार्थी पटेल नगर से पार्षद थीं। वर्ष 2013 में उन्हें निर्विरोध उपमहापौर चुना गया था।
उपमहापौर की मौत पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने ट्वीट कर लिखा कि पूर्व उपमहापौर पूर्णिमा विद्यार्थी का निधन का शोक समाचार मिला। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करेंl