पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के काफिले को अनखीर गोल चक्कर से गलत दिशा में ले जाना पायलट इंचार्ज को मंहगा पड़ा। इस गलती के कारण सूरजकुंड रोड पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। वहीं, पूर्व सीएम भी विवाह में करीब आधा घंटा देरी से पहुंचे।
मामले में पायलट इंचार्ज के खिलाफ रोजनामचा रिपोर्ट लिखी गई है। दरअसल, सूरजकुंड रोड स्थित डिलाइट गार्डन में बृहस्पतिवार रात को तिगांव से कांग्रेसी विधायक ललित नागर की बेटी का विवाह था। रात करीब 10 बजे के वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी पहुंचे।
उनकी कार में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और कलायत से निर्दलीय विधायक जयप्रकाश भी थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कार के ठीक पीछे दो तीन कांग्रेसी नेताओं की गाड़ी थी। काफिले के आगे पुलिस की स्कॉर्पियो पायलट एस्कोर्ट कर रही थी।
पीछे भी एक पायलट एस्कोर्ट थी। जैसे ही काफिला अनखीर गोल चक्कर पर पहुंचा तो सामने से बारात की चढ़त होती देख पायलट एस्कोर्ट संभाल रहे सब इंस्पेक्टर ने विपरीत दिशा में गाड़ी को मोड़ लिया। पायलट के पीछे ही पूर्व सीएम की कार चल रही थी।
थोड़ा आगे जाते ही सूरजकुंड की तरफ से आ रहे वाहनों की रफ्तार थम गई। देखते ही देखते वहां ट्रैफिक्र जाम लग गया। बताया जा रहा है पूर्व सीएम सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं को पैदल ही शादी समारोह स्थल तक जाना पड़ा।
इसकी सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वीवीआईपी प्रोटोकॉल के लिहाज से सूरजकुंड रोड पर यातायात पुलिसकर्मियों के अलावा संबंधित थाना व चौकी की पुलिस को तैनात होना चाहिए था।
लेकिन बताया जा रहा कि कोई भी पुलिसकर्मी नहीं था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ट्रैफिक्र जाम को लेकर सूरजकुंड थाने में रोजनामचा रिपोर्ट भी दर्ज की गई है। थाना सूरजकुंड प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि ऐसी कोई जानकारी उन्हें नहीं है।