थाना ईकोटेक तीन क्षेत्र के गांव सादुल्लापुर में रविवार सुबह लोगों को एक तेंदुआ दिखाई दिया जो एक चहारदीवारी पार करके एक परिसर में घुस गया।
घटना की सूचना पाकर वन विभाग के आला अधिकारी गांव में पहुंच गए हैं। तेंदुआ को बेहोश करने के लिए वन विभाग के अधिकारियों ने अनुमति ली है। थाना ईकोटेक- तीन के प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान ने बताया कि तेंदुआ को बेहोश करने के लिए दिल्ली से विशेष टीम आ रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ दिन पहले एक कार चालक को तेंदुआ सड़क पर दिखा था। उसने उसकी तस्वीर अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर ली थी। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर कई दिनों से चल रही है।
जिला वन अधिकारी पंकज श्रीवास्तव अपने आला अफसरों के साथ मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही दिल्ली से विशेष टीम आ जाएगी तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।