दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने चंदन की लकड़ी की तस्करी करने वाली एक विदेशी महिला को पकड़ा है। तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग से करीब 26 किलो चंदन की लकड़ी के चिप्स मिले हैं। आरोपी महिला को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है। कस्टम विभाग के अधिकारी महिला से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि 17 नवंबर की दोपहर सवा तीन बजे करीब एक महिला टर्मिनल तीन पर पहुंची। एक्सरे मशीन पर जांच के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों को ट्रॉली बैग में कुछ संदिग्ध चीज दिखी। तलाशी लेने पर बैग से 52 पॉकेट मिले, जिसमें करीब 26 किलो चंदन के चिप्स थे। सभी पैकेट में पांच सौ ग्राम चिप्स थे।
महिला इस बाबत कोई वैध कागजात नहीं दिखा पाई और न ही पूछताछ में इसके बारे में कुछ भी कहा। महिला की पहचान सुडान निवासी अबीर एल्फैडिल सोलिमन हुसैन(33) के रूप में हुई। वह साउदी अरबियन एयरलाइन की फ्लाइट से रियाद जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची थी। कस्टम विभाग के अधिकारी महिला से पूछताछ कर जांच में जुटी है।