दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कारण जहां तमाम ऐतिहासिक धरोहरों को बंद कर दिया गया है वहीं, चिड़ियाघर में अभी भी विदेशी सैलानियों का प्रवेश जारी है। हालांकि, घरेलू पर्यटकों की संख्या में दिन-प्रतिदिन कमी हो रही है। यही कारण है कि चिड़ियाघर के सात काउंटर इन दिनों खाली पड़े हैं।
चिड़ियाघर के पास ही ऐतिहासिक पुराना किला है। सरकार ने 31 मार्च तक उसमें जाने वाले लोगों पर पाबंदी लगा रखी है, जिस कारण जो लोग पुराना किला के लिए पहुंचे थे वे भी चिड़ियाघर की ओर रुख कर गए।
इसलिए जा रहे हैं विदेशी सैलानी
विदेशी पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने कुछ दिन पहले केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को भी पत्र लिखा था, परंतु अभी तक इसकी मंजूरी नहीं मिली है। इस वजह से विदेशी पर्यटकों की आवाजाही जारी है।
प्रशासन में हलचल
जहां देशभर में तमाम चिड़ियाघरों को बंद किया जा रहा है वहीं, दूसरी ओर प्रशासन में इस बात को लेकर हलचल तेज है। क्योंकि, दिल्ली का चिड़ियाघर भी केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के दायरे में आता है। गौरतलब है कि मंगलवार को लखनऊ के चिड़ियाघर को भी पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया। इससे पहले असम, मुंबई, नागपुर और बिहार के चिड़ियाघर बंद हो चुके हैं।