दिल्ली में प्रदूषण पर निगरानी सिस्टम मजबूत करने के लिए केंद्र व दिल्ली सरकार की 44 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अलग-अलग इलाकों का दौरा कर जमीनी हकीकत की जांच करेंगी। कहीं भी प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियां चलती पाई गईं तो संबंधित एजेंसी पर सख्त कार्रवाई होगी।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन ने बताया कि टीम में एसडीएम, तहसीलदार, तीनों एमसीडी, डीपीसीसी, केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी शामिल होंगे।
बृहस्पतिवार से सभी टीमें अलग-अलग इलाकों का दौरा करेंगी और प्रदूषण के स्थानीय स्रोतों की जांच करेंगी। टीम की कचरे व लकड़ी को जलाने, वाहन प्रदूषण, ट्रैफिक जाम, निर्माण स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों आदि क्षेत्रों पर खास नजर रहेगी।
हुसैन ने बताया कि जल्द ही केंद्र सरकार के साथ मिलकर एक नवंबर से अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें दिल्लीवालों से अपील की जाएगी कि वह ऐसा कोई काम न करें, जिससे प्रदूषण की मात्रा में इजाफा हो।
इमरान हुसैन ने वसंत कुंज का किया दौरा
पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन ने वसंत कुंज से आईजीआई एयरपोर्ट के बीच निर्माणधीन फ्लाईओवर व अंडरपास का दौरा किया। पर्यावरण मंत्री ने दोनों प्रोजेक्ट के ठेकेदारों को निर्देश दिए कि वह काम करने के दौरान खास ध्यान रखें कि धूल न उड़े। वहीं, निर्माण सामग्री लाते वक्त भी एहतियात बरती जाए। निर्माण स्थल पर एनजीटी की गाइडलाइन के सख्ती से पालन का निर्देश पर्यावरण मंत्री ने दिया है। निर्माण सामग्री कहीं भी खुले में न रखी जाए।