झारखंड के ध्यानार्थ -
-बाहरी जिला पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह से किया गिरफ्तार, ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी उत्तरी जिला साइबर सेल ने व्हाट्सएप पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल फोन हैक करने वाले एक साइबर ठग को झारखंड के गिरिडीह जिले के जंगलों से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय प्रवीण राणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार अक्तूबर 2025 में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके व्हाट्सएप पर दिल्ली जल बोर्ड से संबंधित एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से करीब 81 हजार रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी निगरानी और पैसों के लेनदेन की कड़ियों को खंगाला। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कैनरा बैंक के एक खाते में ट्रांसफर की गई थी, जिसे बाद में एटीएम से निकाला गया। निरीक्षक गोविंद सिंह की देखरेख में पुलिस टीम ने झारखंड के गिरिडीह में आरोपी के ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी जंगल और पहाड़ी रास्तों से भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने काफी दूर तक पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी के मोबाइल में दो व्हाट्सएप एप्लिकेशन मिले हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।