घने कोहरे ने एक बार फिर विमान व रेलगाड़ियों की रफ्तार को थाम लिया। इसके कारण यात्रियों को रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट पर परेशान होना पड़ा। सात विमानों को घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत नहीं दी गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने विमानों को जयपुर व लखनऊ के लिए डायवर्ट कर दिया। कोहरे के कारण 36 से अधिक विमान प्रभावित हुए, तो 24 से अधिक ट्रेनें 2-8 घंटे की देरी से चलीं।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह आठ बजे के करीब अचानक से आए घने कोहरे के कारण विमानों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। इस दौरान लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू कर रनवे संख्या 28 पर कैट-2 व कैट-3 वाले विमानों को संचालित करने की इजाजत दी गई।
कोहरे का असर ट्रेनों पर भी पड़ा। इस वजह से काशी विश्वनाथ, मगध, रांची गरीब रथ, पूर्वा, महाबोधी, पुरुषोत्तम, मऊ-आनंद विहार, कैफियात एक्सप्रेस, वैशाली, सप्त क्रांति, रीवा एक्सप्रेस समेत 24 ट्रेनें 2-8 घंटे तक देरी से चली।