डॉक्टरों के एक संगठन ने दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष याचिका दायर कर 18 जून को होने वाली विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) स्क्रीनिंग टेस्ट को देश की मौजूदा कोविड स्थिति के कारण स्थगित करने का निर्देश देने का आग्रह किया है।
न्यायमूर्ति अमित बंसल ने संगठन के वकील से कुछ दस्तावेज ऑन रिकॉर्ड रखने का निर्देश देते हुए सुनवाई शुक्रवार तय कर दी। एसोसिएशन ऑफ एमडी फीजियंस ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के रूप में सीमित शहरों को ही अधिसूचित किया जा रहा है और ऐसे में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को कोविड टीके की एक भी खुराक लिए बिना यात्रा करनी होगी।
इस संगठन के सदस्यों में कुछ विदेशी मेडिकल स्नातक भी हैं जिन्होंने विदेशों में स्थित संस्थानों में अपना प्राथमिक मेडिकल पाठ्यक्रम पूरा किया है। वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) और राष्ट्रीय मेडिकल आयोग (एनएमसी) के वकील ने इस आधार पर याचिका का विरोध किया कि यह केवल एक योग्यता परीक्षा है और अगर याचिकाकर्ता जून में परीक्षा में शामिल नहीं होते तो वे दिसंबर में भी परीक्षा दे सकते हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि कुछ उम्मीदवारों के जोर देने पर परीक्षा स्थगित नहीं की जानी चाहिए।