उत्तर प्रदेश सड़क एवं राज्य परिवहन निगम की बस में यात्रा करने के लिए टिकट बुक कराना है तो यात्रियों को काउंटर पर लाइन में लगने या फिर कंप्यूटर-लैपटॉप खोलने की झंझट में नहीं पड़ना पड़ेगा।
यात्रियों की सहूलियत के लिए उप्र परिवहन निगम ने मोबाइल टिकटिंग एप्लिकेशन लांच किया है। यात्री स्मार्टफोन पर एक एप्लिकेशन डाउनलोड करके फोन पर ही टिकट बुक करा सकेंगे।
इससे बसों की लोकेशन देखी जा सकेगी। मोबाइल पर सूबे के किसी भी रूट की बसों का टाइमिंग और उनमें सीटों की स्थिति का पता लग जाएगा।
थ्रीजी नेटवर्क वाले मोबाइल में यात्रियों को मैसेज बाक्स में जाना होगा। यहां पर एटीओएम लिखकर 567678 पर भेजना होगा। इसके बाद एक एप आईडी मोबाइल पर आएगी।
इसको डाउनलोड करना होगा। इसके बाद एप खोलते ही रोडवेज बसों की लोकेशन मोबाइल स्क्रीन पर आने लगेगी। इसमें प्रदेश के किसी भी रूट पर बसों की संख्या, बसों के चलने का समय, बसों में सीटों की स्थिति, संबंधित रूट पर बसों का किराया और बसों के किसी स्टापेज पर पहुंचने का टाइम मिल जाएगा।
इसके आधार पर आप अपनी यात्रा का निर्धारण कर सकते हैं। आनलाइन टिकट बुकिंग भी कराई जा सकती है। बुकिंग के दौरान बस में अपनी पसंद की सीट भी बुक कराई जा सकती है। बसों का इंतजार करने की बजाय सही टाइमिंग देखकर ही घर से निकलना होगा।
कार्मिक एआरएम अतुल श्रोती ने बताया कि रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए यह एप शुरू किया है। तकनीक युग में रोडवेज अपने यात्रियों के साथ हर समय अपडेट रहेगा।