चीन सीमा के पास लापता हुए वायुसेना के मालवाहक विमान एएन-32 में फरीदाबाद में रहने वाले फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजेश थापा भी सवार हैं। जब से परिजनों को उनके लापता होने की खबर मिली है तब से पूरा परिवार परेशान है।
हर कोई उनके जल्द से जल्द सकुशल लौटने की दुआ कर रहा है। जोरहाट से फोन पर राजेश थापा के पिता हरी थापा ने अमर उजाला संवाददाता को फोन पर बताया कि सेना लापता विमान को तलाशने में जुटी है और हर कोई उनकी सलामती की दुआ कर रहा है।
सेक्टर-23 निवासी 26 वर्षीय फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजेश थापा मूलरूप से नेपाल के रहने वाले हैं। उनकी दादी रामा माया थापा ने बताया कि राजेश जब दो साल का था तो वह उसे नेपाल से अपने साथ फरीदाबाद ले आई थीं।
रामा माया थापा बिजली निगम से सेवानिवृत्त हैं। राजेश उनके पास ही रहकर पला बढ़ा है। राजेश ने सेंट जॉन्स स्कूल से अपनी पढ़ाई की थी। इसके बाद भारतीय वायुसेना ज्वाइन कर ली थी। इस समय उनकी पोस्टिंग जोरहाट, आसाम में थी।
रामा माया देवी ने बताया कि सोमवार तीन जून शाम करीब 5.30 बजे वायुसेना की तरफ से उन्हें सूचना दी गई कि राजेश थापा जिस विमान में सवार थे, वो लापता हो गया है। सेना उसकी तलाश में जुटी है। सूचना मिलने पर रामा माया देवी ने इसकी जानकारी नेपाल में राजेश थापा के पिता हरी थापा और माता शिवा थापा को दी। वे भी मंगलवार को नेपाल से यहां आ गए।
27 मई को छुट्टी से वापस गए थे थापा
रामा ने बताया कि राजेश 2 मई को छुट्टी पर घर आया था और 27 मई को वापस जोरहाट चला गया था। उसके बाद उनकी लगातार बातचीत हो रही थी मगर इस सूचना के बाद से सभी घर वाले परेशान हैं। राजेश के चचेरे भाई आशीष ने बताया कि फरीदाबाद से राजेश के पिता हरी, चाचा रविंद्र और राजू थापा के साथ उनके एक पारिवारिक मित्र ललित भारद्वाज जोरहाट गए हुए हैं। वहां सेना लापता विमान की तलाश कर रही है।
आठ साल पहले ज्वाइन की थी एयरफोर्स
फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजेश थापा की दादी रामा माया थापा को ठीक से याद नहीं कि उन्होंने वायुसेना कब ज्वाइन की थी। माया थापा के अनुसार करीब आठ साल हो गए राजेश को वायु सेना में। वर्ष 2013 में रामा माया थापा बिजली निगम से सेवानिवृत्त हुई थी और उस साल राजेश थापा अपनी ट्रेनिंग पूरी करके आए थे।