संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें बुधवार को निर्धारित समय से देरी से चलीं। ट्रेनों के समय पर नहीं पहुंचने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर अतिरिक्त समय तक इंतजार करना पड़ा। सबसे अधिक देरी झेलम एक्सप्रेस में रही। ट्रेन करीब दो घंटे सात मिनट की देरी से चली। दिल्ली-पलवल ईएमयू भी अपने निर्धारित समय से एक घंटा 54 मिनट पीछे रही। वहीं मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस एक घंटा 44 मिनट, सचखंड एक्सप्रेस एक घंटा 16 मिनट और शकूरबस्ती-मथुरा ईएमयू 33 मिनट की देरी से चली। ईएमयू ट्रेनों के प्रभावित होने से नौकरीपेशा और अन्य लोगों के लिए दिल्ली, पलवल और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने में परेशानी हुई। यात्रियों को इंतजार करना पड़ा, जिससे उनके निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने पर भी असर पड़ा। लंबी दूरी की ट्रेनों के यात्रियों को भी परेशानी हुई।