नई दिल्ली। उत्तरी जिला की लाहौरी गेट थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दिल्ली आकर जेबतराशी करने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक चोरी का सामान को बेचता था। बदमाश मैनपुरी स्थित भोगांव के रहने वाले हैं और दिल्ली में जेबतराशी करने के बाद गांव लौट जाते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए 23 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बदमाशों की पहचान अंकित (23) अमित (23) मनीष उर्फ छोटू (24) करण (23) और अरुण उर्फ गेल (28) के रूप में हुई है। अंकित पर तीन, करण पर सात और अरुण पर पहले से ही दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक 20 जुलाई को मोबाइल चोरी की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि फतेहपुरी चौक पर मिठाई खरीदने के दौरान बदमाश ने उसकी पैंट की जेब से फोन निकाल लिया। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर बदमाशों को दबोच लिया। संवाद