गढ़मुक्तेश्वर के गंगानगरी ब्रजघाट समेत आसपास के क्षेत्र में 48 घंटे में पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। एडीएम व एएसपी ने मृतकों के परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर स्थानीय चिकित्सकों के पास उपचार कराया था।
उपचार के दौरान उनकी मौत हुई है। हालांकि दिन भर क्षेत्र में अफवाह फैली रही कि अवैध व जहरीली शराब पीने से पांचों लोगों की जान गई है। देर रात तक भी परिजनों द्वारा इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की गई।
ब्रजघाट क्षेत्र में 48 घंटे के अंदर कैलाश (50), राकेश (40), सुरेश (35), छोटू (38), संजय (35) की संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हो गई थी। क्षेत्र में अवैध शराब से पांचों की मौत की अफवाह फैलते ही आनन फानन बुधवार शाम एडीएम जयनाथ यादव और एएसपी सर्वेश मिश्रा गंगानगरी ब्रजघाट में पुलिस चौकी पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से जानकारी ली।
एएसपी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि तीन मृतकों के परिजनों ने पूछताछ में बताया कि तबीयत बिगड़ने पर स्थानीय चिकित्सकों के यहां उपचार कराया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने हार्टअटैक से मौत होने की बात कही है।
एएसपी ने बताया कि तीनों मृतकों के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया, जिसके चलते शराब के सेवन से मौत की पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि दिन भर क्षेत्र में चर्चा रही कि पांचों की मौत जहरीली व अवैध शराब पीने से हुई है, क्योंकि खादर क्षेत्र में अवैध शराब बनाने का धंधा जोरों से चल रहा है।
देर शाम तक भी परिजनों द्वारा इस संबंध में शिकायत दर्ज न किए जाने से अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली। एडीएम जयनाथ यादव ने बताया कि पांचों लोगों की मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया है, इसके अलावा परिजनों के बयान लिए जा रहे है।
मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एएसपी सर्वेश मिश्रा ने कहा कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ विशेष टीम बनाकर अभियान चलाया जाएगा।