नवीन करीम, शास्त्री पार्क, रानी बाग, शालीमार बाग और पीतमपुरा में बनाई जाएंगी
विनोद डबास
नई दिल्ली। राजधानी में पार्किंग संकट और सड़क किनारे अवैध पार्किंग से राहत दिलाने के लिए एमसीडी पांच अत्याधुनिक मॉडल पार्किंग स्थल विकसित करेगी। इन परियोजनाओं पर करीब 661.40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सभी प्रस्ताव वित्तीय सहायता और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री विकास कोष के तहत भेजे गए हैं। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
यह पहल वर्ष 2026-27 के दिल्ली बजट में की गई घोषणा का हिस्सा है। एमसीडी के अनुसार पांचों परियोजनाओं के पूरा होने पर 3,996 कारों की पार्किंग क्षमता विकसित होगी। इससे भीड़भाड़ वाले बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों में सड़क किनारे पार्किंग का दबाव कम होने के साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार आने की उम्मीद है।
सबसे बड़ी परियोजना सिटी जोन के नवीन करीम स्थित ईदगाह रोड पर प्रस्तावित है। यहां लगभग 346 करोड़ रुपये की लागत से 2,142 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग बनाई जाएगी। पुरानी दिल्ली के इस व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में लंबे समय से पार्किंग की गंभीर समस्या बनी हुई है।
दूसरी परियोजना शास्त्री पार्क में विकसित की जाएगी। बेसमेंट, स्टिल्ट और चार मंजिला इस पार्किंग परिसर में 577 वाहनों के लिए स्थान होगा। इसकी अनुमानित लागत 102 करोड़ रुपये है। रानी बाग में 96 करोड़ रुपये की लागत से 690 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी।
इसके अलावा पीतमपुरा के एलयू ब्लॉक में 80 करोड़ रुपये की लागत से 400 वाहनों की क्षमता वाली पजल/शटल पार्किंग विकसित होगी। वहीं शालीमार बाग के यूवी ब्लॉक में 37.40 करोड़ रुपये की लागत से 187 वाहनों की क्षमता वाली स्वचालित पार्किंग बनाई जाएगी।
एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि पीतमपुरा और शालीमार बाग में प्रस्तावित पजल और शटल पार्किंग प्रणाली कम जगह में अधिक वाहन खड़े करने की सुविधा देगी। स्वचालित व्यवस्था से वाहन पार्क करने और निकालने में समय कम लगेगा तथा सुरक्षा भी बेहतर होगी। उनका कहना है कि परियोजनाओं के पूरा होने से सड़क किनारे अवैध पार्किंग में कमी आएगी, जाम की समस्या घटेगी और बाजारों में आने वाले लोगों को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलेगी। अब इन परियोजनाओं पर अंतिम निर्णय दिल्ली सरकार से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद होगा।
पांचों परियोजनाओं की प्रमुख बातें
स्थान
क्षमता अनुमानित लागत
नवीन करीम, ईदगाह रोड
2,142 346 करोड़
शास्त्री पार्क
577 102 करोड़
रानी बाग
690 96 करोड़
एलयू ब्लॉक, पीतमपुरा
400 80 करोड़
यूवी ब्लॉक, शालीमार बाग
187 37.40 करोड़
कुल क्षमता व लागत 3,996 661.40 करोड़