उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में बदमाशों ने भाजपा नेता के मोबाइल शोरूम से करीब पांच लाख से अधिक के मोबाइल चोरी कर ले गए। वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित बीसी वशिष्ठ की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी कुछ अहम सुराग हाथ लगने का दावा कर रहे हैं। अहम है कि करीब सवा वर्ष पूर्व भाजपा नेता के भजनपुरा स्थित शोरूम में भी चोरी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक बीसी वशिष्ठ परिवार के साथ भजनपुरा इलाके में रहते हैं। वह भाजपा उत्तर-पूर्वी जिले में प्रवक्ता हैं। दयालपुर के रामा गार्डन में उनका मोबाइल शोरूम है। शनिवार रात को उनके मैनेजर निशांत ने शोरूम बंद कराया था। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने शोरूम का शटर खुला देखकर वशिष्ठ को मामले की जानकारी दी। पीड़ित तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की खबर पुलिस को दी गई।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि रात करीब 12 बजे एक कार में चार-पांच बदमाश उनके शोरूम पर पहुंचे। इन लोगों ने शटर तोड़ा और अंदर घुस गए। किसी के आने की आहट पर आरोपी माल समेटकर वहां से फरार हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।