पुलिस ने लूट की 200 वारदात को अंजाम देने वाले गैंग के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गैंग के बदमाश ओला की गाड़ियां चलाते थे और यात्रियों को बिठाकर रास्ते में लूट लेते थे। कार में 3 से 4 बदमाश साथ चलते थे। ये ज्यादातर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद क्षेत्र में ही वारदात करते थे।
सीओ प्रथम अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि गैंग का एक बदमाश फरार है। बदमाशों ने 4 कारें ओला में लगा रखी हैं। गिरोह के बदमाश महिलाओं के साथ लूटपाट की वारदात नहीं करते थे।
सीओ प्रथम ने बताया कि शनिवार को सेक्टर-37 के पास इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह रात करीब 1 बजे चेकिंग कर रहे थे। एक कार में 4 युवकों को देखकर संदेह हुआ तो उन्होंने चेकिंग की। कार से तमंचा मिला तो उन्हें थाने ले जाकर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने वारदात की बात कबूल कर ली। पुलिस ने लोकेश खटीक, प्रशांत उर्फ वकील, अतुल, अरुण और दीपक को गिरफ्तार किया है।