उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 20 मई को केशवपुरम थाना पुलिस को एक घर में चोरी की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि घर से एक मोबाइल फोन और 55 हजार रुपये की चोरी हुई है। साथ ही पुलिस को पड़ोस के घर से आठ छोटी पीतल की मूर्तियां भी चोरी होने की शिकायत मिली। पुलिस ने चोरी के दो मामले दर्ज कर लिए। थाना प्रभारी राजीव मलिक के नेतृत्व में टीम ने जांच के दौरान स्थानीय खुफिया जानकारी के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की।
फुटेज के जरिए पुलिस ने केशवपुरम सी चार के झुग्गी में रहने वाले मोहम्मद सैयद की पहचान की, जो नशे का आदी है। पुलिस ने उसे वारदात के दस घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके घर से चोरी का सामान बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए आपराधिक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसने पहली बार वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामले दर्ज नहीं है।