द्वारका साउथ इलाके में प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक से आरोपियों ने लाखों रुपये उधार लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उधर में लिए रुपये ठग लिए।
साथ ही पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार अरुण सपरिवार नजफगढ़ में रहता है। वह सरकारी नौकरी के लिए प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि नवंबर 2017 में उसके एक रिश्तेदार सतीश ने उसे अपने दोस्त संदीप से मिलवाया।
सतीश ने बताया कि संदीप को कारोबार के लिए 8 लाख रुपये की जरूरत है और पांच- छह माह में पैसे वापस करने की बात कही। अरुण ने संदीप को रुपये दे दिए।
छह माह बाद अरुण ने संदीप से पैसे मांगे तो सतीश ने बताया कि उसके पास अभी पैसे नहीं हैं। उसे छह माह का और वक्त दे दो। अरुण ने उसे समय दे दिया। नवंबर 2018 को रुपये मांगने पर संदीप ने उसे 4-4 लाख के दो चेक दे दिए।
लेकिन दिसंबर में संदीप और सतीश ने अरुण को बताया कि संदीप बड़े नेता के पास सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। वहां सिक्योरिटी आफिसर का एक पद खाली है। जिस पर वह उसकी नौकरी लगवा सकता है। लेकिन इसके लिए 8 लाख रुपये बतौर सिक्योरिटी जमा करना होगा। अरुण के हामी भरने पर दोनों आरोपी उससे कागजात वगैरह ले लिऐ।
लेकिन अरुण के जानकारों ने बताया कि किसी भी नौकरी में 8 लाख रुपये सिक्योरिटी नहीं ली जाती है। शक होने पर अरुण ने आरोपियों से रुपये की मांग की। पैसे मांगने पर आरोपियों ने उसे पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उसे बैंक में चेक जमा करने से मना किया।